न्यूज रुटीन @ सारंगढ़-बिलाईगढ़ (गोपी अजय) :- जिले के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कलेक्टर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सरकारी एवं निजी स्कूलों के टॉपर छात्रों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने कहा कि किसी भी छात्र की सफलता के पीछे माता-पिता और गुरुजनों का निरंतर मार्गदर्शन और मेहनत होती है। उन्होंने सभी से बच्चों के प्रति सजग रहकर उनके सर्वांगीण विकास में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान टॉपर विद्यार्थियों, पालकों और शिक्षकों के साथ सामूहिक फोटो भी लिया गया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी जोइधा राम डहरिया की भूमिका की भी विशेष सराहना की गई। कलेक्टर ने कहा कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, परीक्षा परिणाम बेहतर करने तथा विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने में डीईओ एवं शिक्षा विभाग की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके मार्गदर्शन और सतत मॉनिटरिंग से ही आज जिले के विद्यार्थी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम में कलेक्टर ने विद्यार्थियों से उनके करियर लक्ष्य भी पूछे। छात्रों ने आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, सीए, वकील और प्रोफेसर बनने की इच्छा जताई। इस पर कलेक्टर ने उन्हें लक्ष्य प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि सिविल सेवा परीक्षाएं जैसे UPSC Civil Services Examination एवं State Public Service Commission Exam में सफलता कई बार प्रयास के बाद मिलती है। असफलता को सीख का अवसर मानते हुए अपनी कमजोरियों पर काम करना चाहिए।
कलेक्टर ने अपने प्रारंभिक जीवन, संघर्ष और परीक्षा की तैयारी के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। इस दौरान शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।