Sarangarh News : इन्द्रजीत बर्मन का रायपुर तबादला, ऋषिकेश तिवारी बने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पंचायत के नए सीईओ

संक्षेप

ऋषिकेश तिवारी बने नए जिपं सीईओ

Sarangarh News : इन्द्रजीत बर्मन का रायपुर तबादला, ऋषिकेश तिवारी बने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पंचायत के नए सीईओ

विस्तृत खबरें

न्यूज रूटीन @ सारंगढ़। राज्य शासन द्वारा जारी प्रशासनिक फेरबदल के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के पद पर बदलाव किया गया है। वर्तमान जिला पंचायत सीईओ इन्द्रजीत बर्मन का तबादला कर उन्हें स्वास्थ्य विभाग में अपर संचालक के पद पर रायपुर पदस्थ किया गया है। वहीं, बस्तर के अपर कलेक्टर ऋषिकेश तिवारी को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पंचायत का नया मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
शासन के इस आदेश के बाद जिले के प्रशासनिक महकमे में नई जिम्मेदारियों को लेकर हलचल तेज हो गई है। इन्द्रजीत बर्मन के कार्यकाल में जिला पंचायत के माध्यम से ग्रामीण विकास, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति मिली। उनके नेतृत्व में कई योजनाओं का सफल संचालन हुआ, जिससे जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को लाभ मिला।
अब रायपुर स्थानांतरण के बाद इन्द्रजीत बर्मन स्वास्थ्य विभाग में अपर संचालक के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
वहीं, नव नियुक्त जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। वे वर्तमान में बस्तर में अपर कलेक्टर के पद पर पदस्थ थे। सारंगढ़ से उनका पुराना जुड़ाव भी रहा है। इससे पूर्व वे सारंगढ़ जनपद पंचायत के सीईओ के रूप में कार्य कर चुके हैं और अपने कार्यकाल में विकास कार्यों को गति देने के लिए सराहे गए थे।
राज्य शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में विकास योजनाओं के प्रभावी संचालन और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों की निगाहें नए जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी के कार्यभार ग्रहण करने और उनकी कार्यशैली पर टिकी हैं।
Comment
Comment
Comment