Sarangarh News : धोबनी-बेलादुला मार्ग पर बड़े गड्ढों से आवागमन बाधित, बारिश में बढ़ा हादसों का खतरा

संक्षेप

धोबनी-बेलादुला सड़क बदहाल, ग्रामीण परेशान

Sarangarh News : धोबनी-बेलादुला मार्ग पर बड़े गड्ढों से आवागमन बाधित, बारिश में बढ़ा हादसों का खतरा

विस्तृत खबरें

न्यूज रूटीन @ भटगांव :- बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला धोबनी से बेलादुला पहुंच मार्ग इन दिनों अपनी बदहाल स्थिति के कारण क्षेत्रवासियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। वर्षों से उपेक्षा का शिकार यह सड़क अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आम लोगों का आवागमन बेहद कठिन और जोखिमपूर्ण हो गया है। बरसात के मौसम की शुरुआत के साथ ही इस मार्ग की समस्या और विकराल रूप लेती जा रही है।
यह मार्ग केवल एक सड़क नहीं, बल्कि आसपास के कई गांवों के लोगों की जीवनरेखा है। प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, किसान, व्यापारी, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। विशेष रूप से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धोबनी में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई विद्यार्थी प्रतिदिन साइकिल के माध्यम से विद्यालय पहुंचते हैं, लेकिन सड़क की जर्जर हालत के कारण उनका सफर बेहद कठिन और असुरक्षित हो गया है।
बरसात के दिनों में सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में साइकिल सवार विद्यार्थियों के फिसलने और दुर्घटना का शिकार होने का खतरा लगातार बना रहता है। अभिभावकों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कई बार विद्यार्थी समय पर विद्यालय नहीं पहुंच पाते, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की दुर्दशा को लेकर कई बार (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को अवगत कराया गया है। विभाग को लिखित एवं मौखिक रूप से शिकायतें भी की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। पूरे गर्मी के मौसम में सड़क मरम्मत के लिए पर्याप्त समय था, किंतु विभागीय उदासीनता के कारण कोई कार्य नहीं कराया गया। अब जब बरसात शुरू हो चुकी है, तब सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत कर दी जाती, तो आज ग्रामीणों और विद्यार्थियों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। क्षेत्र के लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि बार-बार मांग करने के बावजूद जिम्मेदार विभाग समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती है। कई बार वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त होते-होते बचते हैं। वहीं बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। किसानों को अपने कृषि कार्यों के लिए आने-जाने में भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन तथा लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि धोबनी-बेलादुला पहुंच मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही सड़क के स्थायी सुधार हेतु आवश्यक निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाए, ताकि बरसात के इस मौसम में ग्रामीणों, विद्यार्थियों और राहगीरों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क, शिक्षा और विकास का महत्वपूर्ण आधार होती है। यदि विद्यार्थियों को विद्यालय पहुंचने के लिए ही संघर्ष करना पड़े, तो शिक्षा व्यवस्था पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए इस गंभीर समस्या का जल्द से जल्द समाधान करना चाहिए, जिससे हजारों लोगों को राहत मिल सके और क्षेत्र में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।
Comment
Comment
Comment